Sagar- बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन को चेताया,ध्यान नहीं दिया तो होगा उग्र प्रदर्शन
सागर जिले के देवरी में बदहाल व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है की आवास, पानी और सफाई व्यवस्था जैसी चीजों से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इसके अलावा और भी कई तरह की मांगें हैं। जो पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गयी है। बताया गया की देवरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में नगर की कई समस्याओं को लेकर नगर पालिका चौराहा पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर नगर में व्याप्त अव्यवस्था, प्रशासनिक अराजकता और भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाए।
वहीं ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग दो हजार आवेदकों को लाभ नहीं मिलने, स्वीकृत खातों पर होल्ड लगाए जाने के अलावा हितग्राहियों के आवास अधूरे रहने का मामला प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में प्रशासनिक लापरवाही और जनप्रतिनिधियों की मनमानी के कारण पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित हो रहे हैं।
धरना प्रदर्शन के दौरान नगर में पेयजल संकट, पुरानी नल-जल योजना की जलापूर्ति बंद किए जाने, सड़क मरम्मत में घटिया निर्माण, पाइपलाइन कार्यों में अनियमितता, बिजली खंभों पर लाइट बंद रहने, स्वच्छता सर्वेक्षण में फर्जीवाड़ा, नगर पालिका में कई सारे कार्यों के नाम पर अवैध वसूली के आरोप भी लगाए गए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया की प्रभारी सीएमओ और उपयंत्री के नियमित रूप से कार्यालय में मौजूद न रहने से नगर में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है। इसके अलावा और भी कई मांगें प्रमुखता से उठाई गयी। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो भूख हड़ताल और उग्र आंदोलन किया जाएगा।