सागर- बीच सड़क युवक पर जानलेवा हमला! पुलिस के सामने लाठी-डंडों से पिटाई | SAGAR TV NEWS |
सागर शहर में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर देने वाला एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के तीन बत्ती और कटरा बाजार इलाके में बीच सड़क पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। हैरानी की बात यह रही कि पूरी घटना पुलिस के सामने होती रही और पुलिसकर्मी भी खुद को बचाते हुए वहां से हटते नजर आए। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक घायल युवक की पहचान बलबीर ठाकुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में दुकानदारों से विवाद कर रहा था। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि करीब एक दर्जन से ज्यादा लोगों ने युवक पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। आसपास भारी भीड़ मौजूद है, लेकिन कोई भी बीच-बचाव करता नजर नहीं आ रहा। घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मी भी हालात बिगड़ते देख पीछे हटते दिखाई दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। वहीं पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है।
घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में नए एसपी अनुराग सुजानिया ने सागर में पदभार संभाला है। लोगों को उम्मीद थी कि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत होगी, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस की मौजूदगी में इस तरह खुलेआम गुंडागर्दी हो सकती है, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो के आधार पर जल्द आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।