3 साल के मासूम की हत्या! घर से 50 मीटर दूर भूसे के ढेर पर मिला शव, नवागत SP पहुंचे घटनास्थल पर
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र के महुआ खेड़ा गांव में 3 साल के मासूम की हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घर के आंगन में खेलते-खेलते लापता हुआ मासूम अनिरुद्ध शनिवार दोपहर मृत हालत में मिला। बच्चे का शव घर से महज 50 मीटर दूर भूसे के ढेर पर पड़ा मिला, जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर मासूम अनिरुद्ध अचानक घर से गायब हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। परिवार ने बच्चे के अपहरण की आशंका जताई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और गांव सहित आसपास के इलाकों में सर्चिंग अभियान चलाया गया। कुओं, खेतों और सुनसान स्थानों पर भी तलाश की गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि गांव में एक संदिग्ध सफेद कार और कपड़ा बेचने वाले बाइक सवार को देखा गया था। शनिवार दोपहर अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब बच्चे का शव घर के पास ही भूसे के ढेर पर मिला। शव पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए दमोह जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी खुद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने गांव के ही एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है, जो मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाएगी। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मासूम के पिता माखन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भय, गुस्सा और दुख का माहौल बना हुआ है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे जिले की नजर इस बात पर टिकी है कि आखिर पुलिस इस मासूम के हत्यारे तक कब पहुंचती है।