MP | कांग्रेस का प्रोजेक्ट M लॉन्च! अल्पसंख्यक महिलाओं को राजनीति में मजबूत भागीदारी का संदेश
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को मजबूत करने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से नई पहल ‘प्रोजेक्ट एम’ की शुरुआत की है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित इस विशेष बैठक में अल्पसंख्यक समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महिलाओं को संगठन की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सामाजिक, शैक्षणिक व राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने कहा कि ‘प्रोजेक्ट एम’ सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व के अवसर देने की दिशा में बड़ा कदम है।
बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकार और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि समाज में बदलाव तभी संभव है, जब महिलाओं की भागीदारी हर स्तर पर मजबूत हो। बैठक में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की। नेताओं ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेशभर में इसी तरह की बैठकों का आयोजन किया जाएगा, ताकि गांव और वार्ड स्तर तक महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और महिलाओं को पार्टी की नीतियों से जोड़ने पर भी मंथन हुआ। महिला पदाधिकारियों ने कहा कि अल्पसंख्यक समाज की महिलाओं को राजनीति में आगे लाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। भोपाल में आयोजित यह बैठक अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। कांग्रेस इसे आगामी चुनावों और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम मान रही है। वहीं महिलाओं में भी इस पहल को लेकर उत्साह देखने को मिला। ‘प्रोजेक्ट एम’ के जरिए कांग्रेस अब महिलाओं, खासकर अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को पार्टी के साथ जोड़कर जमीनी स्तर पर नई ताकत तैयार करने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है।