सागर- शराब माफिया की मारपीट में घायल दूसरे युवक की भी मौत, शव रखकर 4 घंटे चक्काजाम SAGAR TV NEWS
सागर जिले के शाहपुर में शराब माफियाओं की दबंगई ने पूरे इलाके को दहला दिया है। मारपीट में घायल दूसरे युवक सूरज अहिरवार की भी इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद शाहपुर में गुस्साए परिजन और ग्रामीण सड़क पर उतर आए। लोगों ने शव रखकर करीब 4 घंटे तक चक्काजाम किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ शाहपुर चौकी प्रभारी को हटाने की मांग की। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात शाहपुर निवासी नीरज प्रजापति अपने साथी सूरज अहिरवार के साथ गढ़ाकोटा से बिजली फिटिंग का सामान लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बोलेरो सवार 10 से 12 लोगों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि शराब बेचने के शक में युवकों के साथ बेरहमी से लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई।
हमले में नीरज प्रजापति गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर बेहोश हो गया था, जबकि सूरज किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकला। शनिवार सुबह नीरज का शव सड़क किनारे मिला था। आरोपियों ने हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को घाटी पर फेंक दिया था। वहीं घायल सूरज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन रविवार को इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। मौत से पहले सूरज ने पुलिस को दिए बयान में अंशुल, छोटू, भगवत और नीलेश समेत कई लोगों के नाम बताए थे।
लगातार दो मौतों के बाद शाहपुर में माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चौकी प्रभारी को हटाने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पूर्व मंत्री और रहली विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ। फिलहाल पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।