बच्चों के वि वाद में जेठ ने बहू को सरेराह लाठियों से पीटा, रिश्तों को शर्मसार करने वाली तस्वीर
मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बच्चों के मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक सगे जेठ ने अपनी ही बहू पर बीच सड़क लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला शाहनगर थाना क्षेत्र की बोरी चौकी अंतर्गत रेंगुवा गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि परिवार के बड़े भी आपस में भिड़ गए।
आरोप है कि गुस्से में आगबबूला जेठ ने अपनी बहू को बीच सड़क पर रोक लिया और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में महिला खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई दे रही है और मदद की गुहार लगा रही है। लेकिन आरोपी लगातार उस पर वार करता रहा। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने भी महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। इस घटना ने पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही बोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। शाहनगर थाना प्रभारी फरसराम डावर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की है। यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ती हिंसा और रिश्तों में खत्म होती संवेदनाओं पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है। अब पूरे इलाके में इसी घटना की चर्चा हो रही है।