सागर पहुंचे CM मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री के बेटे को दिया सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सागर पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार के सुपुत्र केसरी नंदन और पुत्रवधू प्रेरणा को सुखद दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया। सागर के एक निजी होटल में आयोजित भव्य वैवाहिक समारोह में मुख्यमंत्री ने शामिल होकर नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विवाह केवल दो लोगों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और दो आत्माओं का पवित्र मिलन होता है। उन्होंने नवदंपति के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात कर खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों से भी मुख्यमंत्री ने सौहार्दपूर्ण चर्चा की।
वैवाहिक समारोह में खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, राज्य मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री एवं विधायक गोपाल भार्गव, विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों की भी बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सागर आगमन पर धर्मश्री हेलीपेड पर भव्य स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
हेलीपेड पर खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, विधायक शैलेंद्र जैन, विधायक प्रदीप लारिया, प्रभारी संभाग कमिश्नर एवं कलेक्टर प्रतिभा पाल, एसपी अनुराग सुजानिया सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के सागर दौरे को लेकर पूरे शहर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल बनी रही। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे।