Sagar-बार-बार बिजली कटौती से फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सरपंच के नेतृत्व में बिजली विभाग का घेराव
सागर जिले के देवरी के ग्राम पंचायत महाराजपुर में लगातार बिजली कटौती और जर्जर विद्युत व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण सरपंच आकांक्षा संतोष सोनी के नेतृत्व में विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लंबे समय से बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल बनी हुई है। आए दिन फाल्ट होने से घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगी विद्युत केबलें निम्न गुणवत्ता की हैं और कई जगह बिजली लाइनें जर्जर हालत में पहुंच चुकी हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर बिजली के तार ढीले लटक रहे हैं और खंभों की स्थिति भी बेहद खराब है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लगातार ओवरलोडिंग और खराब मेंटेनेंस के कारण बार-बार बिजली कटौती हो रही है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने महाराजपुर के लिए अलग विद्युत फीडर स्थापित करने, खराब और जर्जर केबल बदलने, 11 केवी लाइन का नियमित मेंटेनेंस कराने, नए खंभे लगाने और बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि ज्ञापन के दौरान कनिष्ठ अभियंता सुनील अहिरवार मौजूद नहीं थे। इसके बाद कार्यपालन अभियंता पंकज डेहलिया और कनिष्ठ अभियंता मनदीप डीम्हा को समस्याओं से अवगत कराया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि दो दिन के भीतर मेंटेनेंस कार्य शुरू कराया जाएगा और एक माह के भीतर फीडर सेपरेशन व केबल सुधार का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि अब वे बिजली समस्या को लेकर चुप नहीं बैठेंगे। यदि विभाग ने समय पर कार्रवाई नहीं की, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।