SNCU वार्ड की छत गि री, नवजात और महिलाएं घा यल, जिला अस्पताल का मामला
एमपी के भिंड जिला अस्पताल में रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के एसएनसीयू यानी स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट वार्ड में अचानक छत की सीलिंग भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वार्ड में महिलाएं अपने नवजात बच्चों को दूध पिला रही थीं। अचानक हुए इस हादसे से वार्ड में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसे में तीन महिलाएं और एक नवजात शिशु घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ और परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं वार्ड में भर्ती अन्य नवजात बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एसएनसीयू वार्ड की छत लंबे समय से जर्जर हालत में थी। कई बार सीलिंग में दरारें आने और प्लास्टर झड़ने की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की गई थी, लेकिन समय रहते कोई सुधार कार्य नहीं कराया गया। लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। परिजनों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि जिस वार्ड में नवजात बच्चों का इलाज होता है, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम तक नहीं हैं। यदि हादसा कुछ देर पहले या ज्यादा बड़े हिस्से में होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे वार्ड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और अस्पताल की जर्जर बिल्डिंग की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि जिला अस्पताल की खस्ताहाल इमारत को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हो सका। अब इस हादसे ने अस्पताल प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल घायल महिलाओं और नवजात का इलाज जारी है, लेकिन इस घटना ने अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था की पोल जरूर खोल दी है।