सागर- 50 सागौन पटिये, मशीन और बाइक जब्त, राहतगढ़ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई,आरोपी मौके से फरार
सागर जिले के राहतगढ़ वन विभाग को आज बड़ी सफलता हाथ लगी, जब विभाग ने अवैध सागौन लकड़ी तस्करी के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 50 नग सागौन के पटिये, लकड़ी काटने की मशीन और एक मोटरसाइकिल जब्त की। यह पूरी कार्रवाई सुबह-सुबह चकरपुर डेम के पास की गई, जहां वन माफिया लंबे समय से सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही थी। दरअसल, वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चकरपुर डेम क्षेत्र में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का परिवहन और कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल हरकत में आई और मौके पर दबिश दी।
जैसे ही वन विभाग की गाड़ियों की आवाज आरोपियों तक पहुंची, आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। हालांकि विभाग ने मौके से भारी मात्रा में अवैध सागौन की चिरान बरामद कर ली। वन विभाग के अनुसार जब्त की गई सागौन चिरान की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही लकड़ी काटने में इस्तेमाल होने वाली मशीन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसे आरोपी मौके पर ही छोड़कर भाग गए।
फिलहाल वन विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। विभाग का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र सहायक निर्भान सिंह राजपूत, बीट गार्ड कुलदीप आशीष, पवन वाहन, चालक मोतीराम घोशी और बलराम पटेल की अहम भूमिका रही। वन विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि जंगल और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।