सागर- तेज रफ्तार कार ने तोड़ा रेलवे गेट, मालगाड़ी आने से पहले मचा हड़कंप, 2 घंटे लगा जाम
सागर जिले के खुरई में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब खिमलासा मार्ग स्थित रेलवे गेट नंबर 6 पर एक तेज रफ्तार कार ने रेलवे फाटक को टक्कर मारकर तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब रेलवे ट्रैक से एक मालगाड़ी गुजरने वाली थी और गेटमैन रेलवे फाटक बंद कर रहा था। दो फाटकों में से एक गेट पूरी तरह बंद हो चुका था, जबकि दूसरा बंद किया जा रहा था। तभी खिमलासा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार क्रमांक एमपी 15 बीए 2385 सीधे रेलवे गेट से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलवे फाटक का बूम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी। रेलवे गेट टूटने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में रेलवे कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत की, जिसके बाद आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
इस दौरान सबसे चिंताजनक तस्वीर तब सामने आई जब कई बाइक चालक और राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर टूटे फाटक के नीचे से निकलते नजर आए। कुछ लोग रेलवे लाइन के किनारे बने अस्थाई रास्ते से पटरियां पार करते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मालगाड़ी नहीं गुजरती या थोड़ी सी भी लापरवाही होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आरपीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है और कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।