सागर- शाहपुर डबल मर्डर केस का खुलासा, हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश नाकाम, 2 आरोपी गिरफ्तार
सागर जिले के शाहपुर में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना सानौधा पुलिस ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। यह पूरा मामला 8 मई की रात का है, जब शराब बेचने के संदेह को लेकर कुछ आरोपियों ने सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति का रास्ता रोक लिया। आरोप है कि नीलेश अहिरवार, भगवत पटैल, अंशुल यादव, छोटू उर्फ हर्ष सिंह लोधी और अभिषेक पटैल ने दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और फिर लाठी एवं लोहे की रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया।
हमले में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को सड़क हादसा साबित करने की साजिश रची। आरोपियों ने मृतकों की मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की और अपनी बोलेरो गाड़ी को सड़क किनारे खंती में उतारकर ऐसा दृश्य बनाया, जिससे मामला एक्सीडेंट लगे। लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच और सूक्ष्म विवेचना ने पूरी सच्चाई सामने ला दी। घटनास्थल से जुटाए गए तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों, गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीमों ने लगातार दबिश देकर आरोपी नीलेश अहिरवार और अंशुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी नीलेश अहिरवार पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है। फिलहाल बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की त्वरित और वैज्ञानिक जांच की सराहना की जा रही है।