शादी की जिद में 150 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक, मंत्री के फोन के बाद उतरा नीचे
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के फुटेरा कलां गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक शादी की जिद को लेकर करीब 150 फीट ऊंचे बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बताया जा रहा है कि युवक शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अचानक हाई वोल्टेज टावर लाइन के खंभे पर चढ़ गया और नीचे उतरने से साफ इनकार कर दिया। युवक की मांग थी कि उसकी शादी करवाई जाए और उसे 50 हजार रुपये नगद दिए जाएं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। थाना प्रभारी रजनी शुक्ला, चौकी प्रभारी आनंद कुमार और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अमित सहित कई लोग युवक को समझाने में जुट गए, लेकिन युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा। युवक के पिता ने बताया कि तीन दिन पहले भी वह इसी तरह टावर पर चढ़ गया था, लेकिन उस समय ग्रामीणों और परिजनों ने किसी तरह समझाकर उसे नीचे उतार लिया था। शुक्रवार को उसने दोबारा यही हरकत कर दी, जिससे पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। वहीं टावर की ऊंचाई और युवक की जिद को देखते हुए लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से डरे हुए थे। इस पूरे हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच युवक की जिद थी कि उसकी बात पशुपालन मंत्री लखन पटेल से कराई जाए। बाद में मंत्री लखन पटेल ने फोन पर युवक से बातचीत की और उसे समझाइश दी। मंत्री की बात सुनने के बाद युवक धीरे-धीरे शांत हुआ और कई घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतर आया। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।