Sagar- शाहपुर मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी, डबल मर्डर के बाद बिगड़े थे हालात
सागर जिले के शाहपुर क्षेत्र में हाल ही में जमकर बवाल देखने को मिला था। जहां एक व्यक्ति का मर्डर करने के बाद हालात बिगड़ गए थे। वहीं इलाज के दौरान एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया था। अब इस मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। जहां डबल मर्डर केस के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह पूरा मामला जिले के सानौधा थाना अंतर्गत शाहपुर चौकी क्षेत्र का है। जहां बीते दिनों शराब दुकान पर कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद हुआ था। जिसमें शराब दुकान कर्मियों ने दो युवकों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इस घटना में नीरज प्रजापति की मौके पर ही जान चली गई थी। आरोप है कि घटना को हादसे का रूप देने की कोशिश भी की गई। पुलिस जांच में मामला मर्डर का निकला।
वहीं गंभीर रूप से घायल सूरज अहिरवार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति बिगड़ गयी थी और माहौल भी तनावपूर्ण हो गया था। नाराज परिजनों और क्षेत्रवासियों ने शाहपुर चौकी के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने शराब दुकान में आग लगा दी थी। जिसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को काबू में किया था।
सानौधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।------