मुख्यमंत्री कन्यादान सम्मेलन आया विवादों में,खाने में कीड़ा निकलने पर हंगामा, रस्में भी आधी अधूरी !
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह सम्मेलन अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ गया। एक तरफ जहां शादी के लिए कई ज़रूरी सामग्री उपलब्ध नहीं थी। जैसे-तैसे जोड़ों की शादियां संपन्न कराई गई। तो वहीं खाने में कीड़ा निकलने से हंगामा खड़ा हो गया। यह पूरा कार्यक्रम विवाद में आ गया है। साथ ही कई तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं। मामला एमपी के मऊगंज जिले के नईगढ़ी से सामने आया है। जहां आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक कन्यादान और निकाह योजना के कार्यक्रम में अव्यवस्थाएं देखने को मिली। नवीन स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन में 176 जोड़ों का विवाह और निकाह हुआ।
लेकिन गहमागहमी तब बढ़ गयी जब कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठा दिए। दरअसल आचार्यों का कहना था की शादी के लिए जरूरी धार्मिक सामग्री जैसे हवन कुंड, सिंदूर, अक्षत, अगरबत्ती और फूलमाला पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं थी। जिससे कई पारंपरिक रस्में ठीक से नहीं हो सकीं। आचार्यों की माने तो विवाह की औपचारिकताएं तो पूरी कर दी गईं। लेकिन कई पारंपरिक रस्में अधूरी रह गईं।
इसके अलावा हंगामा तब हुआ जब कार्यक्रम में बांटे गए भोजन के पैकेट में कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई। एक व्यक्ति ने खाने का पैकेट खोला तो उसमें कीड़ा दिखाई दिया। जिसके बाद लोगों ने नाराजगी जताते हुए भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। इस दौरान माहौल गरमा गया। जिस पर अधिकारियों ने मामले को शांत कराने की कोशिश की। यह पूरा आयोजन सवालों के घेरे में आ गया है। मामले में देखना दिलचस्प होगा की आखिर इसमें आगे क्या कार्यवाई की जाती है।