सागर- मंडप में प्रेमिका की एंट्री से टूटी शादी, वरमाला से पहले मचा हंगामा, थाने पहुंचा मामला
सागर शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका अचानक मंडप में पहुंच गई। प्रेमिका के आरोपों और हंगामे के बाद वरमाला से पहले ही शादी टूट गई और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया। जानकारी के अनुसार अतिशय कॉलोनी निवासी हर्ष सोनी का विवाह बीना के आगासौद निवासी प्रियंका सोनी के साथ तय हुआ था। शादी समारोह के लिए बालाजी मंदिर के पास स्थित कन्हैया वाटिका मैरिज गार्डन को भव्य रूप से सजाया गया था।
दुल्हन पक्ष बस भरकर सागर पहुंच चुका था। टीका-तिलक की रस्में पूरी हो चुकी थीं और बारात निकलने की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। बैंड-बाजा तैयार था, घोड़ी सज चुकी थी और मेहमान शादी की खुशियों में शामिल थे। इसी दौरान अचानक दूल्हे की कथित प्रेमिका मैरिज गार्डन पहुंच गई। उसने दूल्हे पर प्रेम संबंध छिपाकर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। प्रेमिका ने सबके सामने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया। रिश्तेदारों और मेहमानों के बीच अफरा-तफरी मच गई। विवाद इतना बढ़ा कि शादी तत्काल रोक दी गई। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने तिलक और चढ़ावे में दिए गए गहने, नकदी और अन्य सामान वापस करने की मांग की। जब तत्काल सामान वापस नहीं मिला तो दुल्हन पक्ष बस सहित मोतीनगर थाने पहुंच गया और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बताया जा रहा है कि लड़के पक्ष ने तीन दिन के भीतर गहने और पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया है। इसके बाद दुल्हन पक्ष मायूस होकर वापस आगासौद लौट गया। उधर, घोड़ी और बैंड पार्टी भी बिना बारात निकले ही लौट गई। शहर में इस अनोखी घटना की चर्चा जोरों पर है और लोग इसे “मंडप में प्रेमिका की एंट्री” वाला हाई प्रोफाइल ड्रामा बता रहे हैं।