सागर-बीना में जया किशोरी की कथा में झूमे हजारों श्रद्धालु, धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
सागर जिले के बीना में इन दिनों भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिल रहा है। खुरई रोड स्थित चौधरी पेट्रोल पंप के सामने आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। कथा वाचिका सुश्री जया किशोरी के सानिध्य में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। कथा पंडाल में जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से पूरा पंडाल गूंजने लगा। श्रद्धालु भक्ति में डूबकर झूमते और नाचते नजर आए।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक जन्म झांकी सजाई गई, जिसने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तों ने भगवान के जन्म पर पुष्प वर्षा कर अपनी श्रद्धा अर्पित की। वहीं आयोजन समिति द्वारा बच्चों और श्रद्धालुओं के बीच टॉफियां और खिलौनों का वितरण भी किया गया, जिससे उत्सव का माहौल और अधिक आनंदमय हो गया। जया किशोरी ने कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके दिव्य स्वरूप का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण केवल एक अवतार नहीं, बल्कि प्रेम, धर्म और सत्य के प्रतीक हैं।
कथा पंडाल में “प्रकटे कृष्ण कन्हैया, सबको बहुत बधाई है” और “नंद घर आनंद भयो” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। महिलाओं, बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी विशेष इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था, जिसने जन्मोत्सव की भव्यता को और बढ़ा दिया। बीना में आयोजित यह श्रीकृष्ण जन्मोत्सव लोगों के लिए आस्था, भक्ति और आनंद का अद्भुत संगम बन गया।