सागर- मुंबई में 38 लाख की चोरी का खुलासा, राहतगढ़ से दो आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख के गहने बरामद
सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र में मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 लाख रुपये की चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सागर न्यायालय में पेश करने के बाद मुंबई पुलिस रिमांड पर अपने साथ मुंबई ले गई। जानकारी के अनुसार मुंबई के लोकमान्य तिलक मार्ग थाना क्षेत्र में 12 फरवरी को 38 लाख रुपये नगदी चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था। इस सनसनीखेज चोरी के बाद मुंबई पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी की वारदात को कुलदीप कुशवाहा ने अंजाम दिया था। कुलदीप पिछले करीब 6 वर्षों से मुंबई में सोनू जैन नामक व्यक्ति के यहां खाना बनाने का काम करता था। लंबे समय तक घर में काम करने के कारण वह परिवार का विश्वासपात्र बन गया था। बताया जा रहा है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने मौका मिलते ही घर में रखे 38 लाख रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गया।
मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कुलदीप राहतगढ़ थाना क्षेत्र के डाबरी गांव स्थित अपनी ससुराल में छिपा हुआ है। इसके बाद मुंबई पुलिस ने राहतगढ़ पुलिस की मदद से बीती रात डाबरी गांव में दबिश देकर कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में सह आरोपी महेंद्र पटेल को झिला गांव से पकड़ा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत के सोने के गहने और अन्य सामान बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि ये गहने चोरी की रकम से खरीदे गए थे। मुंबई पुलिस के एसआई सचिन शेलके ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद राहतगढ़ क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।