सागर- खुरई के व्यस्त परसा चौराहे से कांग्रेस नेता की बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
सागर जिले के खुरई के सबसे व्यस्त माने जाने वाले परसा चौराहा पर दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया। खास बात यह रही कि पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता आशु भाईजान अपनी बाइक क्रमांक एमपी 42 जेडबी 3479 से परसा चौराहा स्थित एक मिठाई की दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने दुकान के बाहर बाइक खड़ी की और मिठाई खरीदने अंदर चले गए।
कुछ ही मिनट बाद जब वह दुकान से बाहर निकले तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। पहले उन्होंने आसपास बाइक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने खुरई थाने पहुंचकर बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद जब दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो उसमें एक युवक संदिग्ध रूप से बाइक के आसपास घूमता नजर आया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक पहले मौके का जायजा लेता है और फिर मौका मिलते ही बाइक लेकर फरार हो जाता है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना खुरई के सबसे व्यस्त चौराहे पर हुई, जहां दिनभर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। इसके बावजूद चोर बड़ी आसानी से बाइक चोरी कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने बाजार और मुख्य चौराहों पर पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि अब चोर भीड़भाड़ वाले इलाकों को भी अपना निशाना बनाने से नहीं डर रहे।