सागर- शाहपुर डबल म र्डर केस पर सियासी संग्राम, FIR -गिरफ्तारियों के विरोध में सड़कों पर उतरा जनसैलाब
सागर जिले के चर्चित शाहपुर दोहरे हत्याकांड को लेकर अब सियासत और जनआंदोलन तेज हो गया है। घटना के बाद न्याय की मांग कर रहे लोगों पर दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारियों के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय पर बड़ा महाआंदोलन देखने को मिला। लोधी समाज, विभिन्न सामाजिक संगठन, स्थानीय नागरिक और कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर सड़कों पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। महाआंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में लोग जिला प्रशासन कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन में शामिल लोगों पर दर्ज प्रकरण वापस लेने और गिरफ्तार किए गए लोगों को तत्काल रिहा करने की मांग की।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि शाहपुर घटना के बाद पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया था, लेकिन प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए आंदोलनकारियों को ही निशाना बना लिया। लोगों का कहना है कि असली दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय विरोध की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि शाहपुर की घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्दोष लोगों पर दर्ज एफआईआर वापस नहीं ली गई और गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। महाआंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आए। कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की गई। ज्ञापन सौंपने के बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सभी बिंदुओं पर कानूनी दायरे में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शाहपुर हत्याकांड को लेकर जिले में आक्रोश लगातार बढ़ता नजर आ रहा है और यह मामला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।