MP | 2 मासूम बहनों की मौ त! उल्टियां और लगातार प्यास के बाद बिगड़ी हालत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
एमपी के इंदौर जिले के देपालपुर में दो मासूम सगी बहनों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वार्ड नंबर 6 के एक मजदूर परिवार की 6 और 8 साल की बच्चियों की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे इलाके को अलर्ट पर रखा गया है। परिजनों के मुताबिक बच्चियां लगातार पानी पी रही थीं और उन्हें बार-बार उल्टियां हो रही थीं। हालत बिगड़ने पर परिवार उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। एक बच्ची की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी ने घर पर ही दम तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंची। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. वंदना केसरी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और परिवार के अन्य सदस्यों की मेडिकल जांच करवाई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बच्चियों की मां और एक अन्य बेटी की हालत फिलहाल स्थिर है। जरूरत पड़ने पर उन्हें इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा सकता है। वहीं मृत बच्ची का पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा जांच के लिए भेजा गया है ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके।
जांच के दौरान अधिकारियों ने घर के सामने फैली गंदगी, बदहाल नालियां और आसपास की अस्वच्छ स्थिति देखकर नाराजगी जताई। स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत देपालपुर एसडीएम और नगर परिषद सीएमओ को इलाके में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि देपालपुर को स्वच्छता सुधार के लिए नगर निगम इंदौर द्वारा गोद लिया गया है, इसके बावजूद इलाके में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। घटना के बाद नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अधिकारियों को तत्काल जरूरी कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने गरीब पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।