ट्वीशा शर्मा मौ त मामला गरमाया! FIR की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन, पति-सास पर गंभीर आरोप
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्वीशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। न्याय की मांग को लेकर मृतका के परिजनों ने महिला थाना और पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में “जस्टिस फॉर ट्वीशा शर्मा” की तख्तियां लेकर परिजन लगातार नारेबाजी करते नजर आए और पति व सास के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि ट्वीशा शर्मा को शादी के बाद से लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में मृतका के पति समार्थ सिंह, जो पेशे से वकील बताए जा रहे हैं, और उनकी मां, जो रिटायर्ड जज हैं, पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार का कहना है कि ट्वीशा एक मजबूत और आत्मनिर्भर महिला थी, वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती। परिजनों ने इस पूरे मामले को सुनियोजित हत्या बताया है।
परिवार के मुताबिक घटना वाली रात ट्वीशा ने फोन पर अपने घरवालों से बात की थी। बातचीत के दौरान उसने मानसिक तनाव और प्रताड़ना की बात कही थी। इसके कुछ देर बाद अचानक फोन कट गया। परिवार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में सूचना मिली कि ट्वीशा की तबीयत बिगड़ गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल पहुंचाने में देरी की गई और मामले में सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका भी जताई। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के प्रभावशाली लोगों से संबंध होने के कारण निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।
प्रदर्शन के दौरान ट्वीशा की मां और अन्य परिजन भावुक होकर रोते-बिलखते नजर आए। परिजनों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक पति और सास के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होती, तब तक वे शव नहीं लेंगे। वहीं महिला थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब इस पूरे मामले पर सबकी नजरें पुलिस जांच और आने वाले फैसले पर टिकी हैं।