सागर- पत्नी निकली पति की का तिल! 48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई अंधे क त्ल की गुत्थी
सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी को ही हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। घरेलू विवाद और रोज-रोज की कलह से तंग आकर पत्नी ने अपने ही पति को मौत के घाट उतार दिया। मामला ग्राम मंगेला का है। 7 मई 2026 को हेमराज गौड़ ने थाना केसली पहुंचकर सूचना दी थी कि उसका भाई संजय उर्फ संजू गौड़ खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला है। संजय के सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए देवरी अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अत्यधिक खून बहने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही केसली पुलिस हरकत में आई और धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। सागर एसपी के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। पुलिस और एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए, लेकिन शुरुआत में यह मामला पूरी तरह अंधे कत्ल जैसा दिखाई दे रहा था क्योंकि कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के परिवार और गांव के लोगों से पूछताछ की। इसी बीच मृतक की पत्नी के बयान बार-बार बदलते नजर आए, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब महिला से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी पत्नी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाली रात भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। गुस्से में आकर उसने खेत में सो रहे पति के सिर पर नुकीले पत्थर से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद कर लिया है और आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।