कंपनी के कर्मचारी का अपहरण फिर 10 लाख की फिरौती, पुलिस ने सकुशल किया बरामद
कम्पनी के एक कर्मचारी को बोलेरो से आये बदमाश मारपीट करते हुए जबरन बैठाकर अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजनों से 10 लाख रूपये की फिरौती की मांग की गयी। सनसनीखेज अपहरण की इस वारदात से हड़कंप मच गया। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्यवाई करते हुए अपहरण होने वाले शख्स को अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया साथ ही एक संदिग्ध आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। घटना एमपी के छतरपुर जिले की है।
बताया जा रहा है की कोतवाली थाना क्षेत्र में एक कंपनी कर्मचारी के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। मोरवा गांव स्थित MKC कंस्ट्रक्शन लिमिटेड कंपनी के कर्मचारी राम खिलाड़ी शर्मा का बदमाशों ने अपहरण कर परिजनों से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। बताया गया की राम खिलाड़ी शर्मा सड़क निर्माण कार्य के लिए मिट्टी उपलब्ध कराने का काम देखते हैं। वह अपनी बाइक से कंपनी कैंपस पहुंचे थे। तभी बोलेरो सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन गाड़ी में डालकर अज्ञात स्थान पर ले गए।
कुछ समय बाद बदमाशों ने परिजनों को फोन कर 10 लाख की फिरौती मांगी। मामला पुलिस के लिए चुनौती था। वरिष्ठ अधिकारीयों के निर्देशन में टीम गठित की गयी। जहां कोतवाली, सिविल लाइन और ओरछा रोड थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से रात भर सर्च ऑपरेशन चलाते हुए अपहृत कर्मचारी को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक परिजनों द्वारा आरोपियों के खाते में भेजी गई राशि को समय रहते फ्रीज करवा दिया गया। जिससे बदमाश पैसे नहीं निकाल सके। मामले में सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने जानकारी दी।