सागर-रातभर धधकते रहे बिजली ट्रांसफार्मर! धमाकों से दहला सिविल लाइन,घंटों गुल रही बिजली SAGAR TV NEWS
सागर शहर में गुरुवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अलग-अलग इलाकों में दो बिजली ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। सिविल लाइन और इतवारा बाजार इलाके में लगी आग के बाद जोरदार धमाके हुए और पूरे क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई। गर्मी के बीच घंटों बिजली बंद रहने से लोग परेशान होते रहे। पहली घटना सिविल लाइन इलाके की है, जहां देर रात अचानक बिजली ट्रांसफार्मर यानी डीपी में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके होने लगे। आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली कंपनी, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर फाइटर मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भीषण थी कि आसपास के इलाके की बिजली तत्काल बंद करनी पड़ी। वहीं दूसरी घटना शहर के इतवारा बाजार स्थित कचेरन कुआं इलाके की है। यहां भी बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद डीपी के वायर करीब एक घंटे तक जलते रहे। चिंगारियां और धुआं निकलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने फायर टीम के साथ मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके बाद ट्रांसफार्मर सुधार का काम रातभर चलता रहा। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जाकर बिजली सप्लाई बहाल हो सकी। दोनों घटनाओं के बाद कई घरों और दुकानों में रातभर अंधेरा छाया रहा। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मरों में आग लगी। फिलहाल बिजली कंपनी पूरे मामले की जांच कर रही है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच ट्रांसफार्मरों में आग लगने की घटनाओं ने बिजली व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।