Sagar- कार से 20 किलो चांदी जब्त ! गांजा तस्करी की सूचना पर नाकेबंदी में खुला बड़ा मामला
सागर में सिविल लाइंस थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार से करीब 20 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए। यह कार्रवाई डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैली कैंपस के पास दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की गई। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इस मार्ग से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में सघन चेकिंग और नाकेबंदी की गई थी। इसी दौरान शहर की ओर से आ रही एक काले रंग की कार को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोका। कार का नंबर उज्जैन पासिंग होने के कारण पुलिस का शक और गहरा गया।
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार की पिछली सीट पर कपड़े से ढंके कई बॉक्स मिले। बॉक्स खोलते ही पुलिस भी चौंक गई, क्योंकि उनमें भारी मात्रा में चांदी के जेवरात भरे हुए थे। इनमें पायल, बिछिया और करधन जैसे आभूषण शामिल बताए जा रहे हैं। कार में शैलेंद्र जैन, अमन सोनी और सुखदेव सोनी सवार थे, जो सागर के सराफा बाजार और आसपास के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वे यह चांदी का माल सुरखी के एक सराफा व्यापारी को बेचने ले जा रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी आनंद सिंह कार और चांदी से भरे बॉक्स को जब्त कर सिविल लाइंस थाने ले आए। हालांकि व्यापारियों का दावा है कि पूरा माल वैध है और इसके सभी बिल एवं टैक्स से जुड़े दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने पुलिस को जरूरी कागजात भी सौंप दिए हैं। फिलहाल पुलिस इन दस्तावेजों की जांच कर रही है। टैक्स चोरी की आशंका को देखते हुए जीएसटी विभाग को भी सूचना दे दी गई है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि मामला पूरी तरह वैध कारोबार का है या फिर इसके पीछे कोई और बड़ा खेल छिपा है।