सागर- लग्जरी कार से 21 किलो चांदी जब्त! पुलिस चेकिंग में बड़ा खुलासा, GST टीम भी पहुंची
सागर में सिविल लाइन थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से करीब 20 से 21 किलो चांदी बरामद की है। भारी मात्रा में चांदी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और मामला शहरभर में चर्चा का विषय बन गया। जानकारी के मुताबिक, पुलिस पथरिया जाट क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान विश्वविद्यालय रोड की ओर से सुरखी की तरफ जा रही एक संदिग्ध लग्जरी कार को पुलिस ने रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार में भारी मात्रा में चांदी के जेवर और सामान मिले, जिन्हें देखकर पुलिस भी चौंक गई।
बताया जा रहा है कि कार में मौजूद लोग खुद को सराफा कारोबारी बता रहे थे। पुलिस ने तत्काल चांदी और वाहन को जब्त कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी। मामले की खबर लगते ही सागर सराफा एसोसिएशन के कई सदस्य भी सिविल लाइन थाने पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार सवार लोगों ने चांदी से संबंधित कुछ बिल और दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। फिलहाल इन दस्तावेजों की वैधता और चांदी के परिवहन की पूरी जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीएसटी विभाग की टीम को भी सूचना दे दी गई है।
अब जीएसटी अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि चांदी का परिवहन वैध तरीके से किया जा रहा था या नहीं, और प्रस्तुत किए गए बिल असली हैं या फर्जी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है। इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग इसे सागर की बड़ी पुलिस कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं।