MP | 7वीं मंजिल पर बना पेंटहाउस जलकर खाक, भोपाल के कोरल कासा अपार्टमेंट में भीषण आग!
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में स्थित कोरल कासा अपार्टमेंट में शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मल्टी की 7वीं मंजिल पर बने एक पेंटहाउस में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा पेंटहाउस जलकर खाक हो गया। घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के मुताबिक, यह पेंटहाउस प्रखर बजाज का बताया जा रहा है। रात करीब 8 बजे अचानक पेंटहाउस से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची मंजिल पर आग लगने के कारण हालात और ज्यादा गंभीर हो गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अपार्टमेंट में लगा फायर फाइटिंग सिस्टम मौके पर काम नहीं आया। रहवासियों के मुताबिक, सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया था। वहीं आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी भी उपलब्ध नहीं था। स्थिति तब और बिगड़ गई जब छत पर जाने वाले रास्ते पर ताला लगा मिला, जिससे राहत और बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आईं।
आग की भयावहता को देखते हुए अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने खुद मोर्चा संभाला। रहवासियों ने अपने-अपने घरों से बाल्टियों और डिब्बों में पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत और आपसी सहयोग के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
हालांकि इस हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन पेंटहाउस पूरी तरह जलकर राख हो गया और लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रहवासियों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।