कार की किश्त और क़र्ज़ चुकाने रची झूठी कहानी,CCTV और कॉल डिटेल से खुली पोल,3 गिरफ्तार | SAGAR TV NEWS
लोन चुकाने के लिए चोरी की साजिश रचने के हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसे सुनकर आप भी दांग रह जायेंगे। एक युवक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर पहले अपनी कार की चोरी की झूठी कहानी रची इसके बाद थाने शिकायत करने पहुँच गया। लेकिन पुलिस ने जांच और CCTV की मदद से इस पूरे मामले का भंडाफोड़ कर दिया। मामला एमपी के ग्वालियर जिले का है। जहां पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल युवक की योजना यह थी कि पुलिस में FIR दर्ज कराकर इंश्योरेंस क्लेम हासिल किया जाए और उसी रकम से कार लोन और करीब 3 लाख रुपए का कर्ज चुका दिया जाए।
बताया जा रहा है की अवाड़पुरा निवासी अनिल सिंह कुशवाह ने कुछ समय पहले फाइनेंस पर कार खरीदी थी। आर्थिक तंगी के चलते वह कार की किस्त नहीं भर पा रहा था। बैंक नोटिस और फाइनेंस कंपनी के दबाव से परेशान होकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर फर्जी चोरी की साजिश रची। जिसके तहत अनिल ने भीड़भाड़ वाले बाजार में कार खड़ी की और जानबूझकर चाबी अपने साथियों को सौंप दी। इसके बाद वह कोतवाली थाने पहुंचा और कार चोरी की शिकायत दर्ज कराई। FIR के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। लेकिन उसमें कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई।
इसके बाद पुलिस ने अनिल और उसके दोस्तों की कॉल डिटेल निकाली। जांच में सामने आया कि कथित चोरी से पहले और बाद में अनिल लगातार संदीप गुर्जर और अन्य साथियों के संपर्क में था। सख्ती के बाद उसने खुद ही सच उगल दिया। पूछताछ में बताया की इंश्योरेंस क्लेम का पैसा लेकर कार लोन और बाकी कर्ज चुकाने की योजना बनाई थी। कार को पहले ही दोस्तों के जरिए छिपा दिया था। पुलिस ने अनिल सिंह कुशवाह, संदीप गुर्जर और रामअवतार को गिरफ्तार किया है। वहीं संदीप रावत फरार है। पुलिस कार भी बरामद कर ली है। चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, साजिश और झूठी सूचना देने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। साथ ही बीमा कंपनी को भी इस फर्जीवाड़े की जानकारी दी है। पुलिस की जाँच जारी है।