Sagar- हॉस्पिटल से जा रहे दो भाईयो को पर चाकू से हमला, पुलिस ने 4 को हिरासत में लिया
सागर शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। ताजा मामला मोतीनगर थाना क्षेत्र का है, जहां शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे विजय टॉकीज चौराहे के पास सरेराह दो चचेरे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवकों को उपचार के लिए भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार इतवारी टौरी चंद्रशेखर वार्ड निवासी प्रांजुल रजक अपने चचेरे भाई प्रियांशु रजक के साथ मोटरसाइकिल से तिली अस्पताल जा रहा था। तभी साहू आटा चक्की के पास विजय टॉकीज चौराहे पर पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित प्रियांशु रजक के अनुसार कौशल साहू, रज्जू उर्फ सुंदरलाल साहू, मदन साहू, सत्यम साहू और शुभम साहू ने मिलकर हमला किया। आरोप है कि कौशल साहू, रज्जू उर्फ सुंदर साहू और मदन साहू ने जान से मारने की नीयत से चाकू से वार किए। हमले में प्रियांशु घायल हो गया। बीच-बचाव करने के दौरान बड़ा भाई प्रांजुल रजक पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान सत्यम साहू और शुभम साहू भी मौके पर पहुंच गए और दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते रहे। परिजन दोनों घायल चचेरे भाइयों को तत्काल भाग्योदय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
मामले में मोतीनगर थाना पुलिस ने आरोपी कौशल साहू, रज्जू उर्फ सुंदर साहू, मदन साहू, सत्यम साहू और शुभम साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।