सागर- पानी भरने गए ग्रामीणों से पुलिस की मारपीट? छानबीला थाने पर गंभीर आरोप, SP से शिकायत
सागर जिले के शाहगढ़ तहसील स्थित छानबीला थाना एक नए विवाद में घिर गया है। ग्राम बीला के करीब दो दर्जन ग्रामीणों ने थाना पुलिस स्टाफ पर मारपीट, अभद्रता और धमकाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि 14 मई की सुबह करीब साढ़े 11 बजे गांव की महिलाएं और कुछ ग्रामीण थाना परिसर में पानी भरने पहुंचे थे। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कुएं से थाना स्टाफ ने एक की बजाय दो कनेक्शन ले रखे हैं, जिससे गांव में पानी की भारी समस्या हो रही है।
शिकायतकर्ता शीला आदिवासी, सुहागरानी आदिवासी, कमलेश रैकवार, अरविंद रैकवार और रामकृपाल रैकवार के मुताबिक जब महिलाएं पानी भरने पहुंचीं, तो थाना स्टाफ के दीनदयाल और ब्रजेश ने उनके बर्तन तोड़ दिए और धक्का देकर गिरा दिया। महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब कमलेश, अरविंद और रामकृपाल ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि दीनदयाल नामक पुलिसकर्मी ने कमलेश का मोबाइल फोन और पानी का डिब्बा भी तोड़ दिया।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि यह पूरा घटनाक्रम थाना प्रभारी कमल कुमार की मौजूदगी में हुआ, लेकिन उन्होंने कोई हस्तक्षेप नहीं किया। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद उन्हें थाने में बैठाकर डराया-धमकाया गया और कहा गया कि “ऐसे केस में अंदर कर देंगे, जमानत भी नहीं होगी। ग्रामीणों ने एसपी से मांग की है कि 14 मई को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक थाने के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सच सामने आता है।