राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग! राहत ट्रेन भी हादसे का शिकार, मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा टल गया, जब त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा कोच धुएं और लपटों से घिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद राहत कार्य के लिए भेजी गई रेलवे की दो टीमें भी दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। जानकारी के मुताबिक राजधानी एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर रतलाम जिले के आलोट के पास लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच पहुंची थी। तभी ट्रेन के बी-1 एसी कोच में अचानक आग लग गई। कोच में करीब 68 यात्री सवार थे।
आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे स्टाफ और स्थानीय लोगों की मदद से करीब 15 मिनट के भीतर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। लेकिन देखते ही देखते आग ने बी-1 कोच के पीछे लगे लगेज कम गार्ड वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया। रेलवे ने बिजली सप्लाई काटकर प्रभावित कोचों को अलग किया और मौके पर फायर ब्रिगेड तथा तकनीकी टीमों को भेजा गया।
लेकिन इसी दौरान राहत कार्य के लिए जा रही रेलवे की C&W विभाग की यातायात वैन शामगढ़-सुवासरा के बीच अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में 5 से ज्यादा कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें कोटा रेफर किया गया। इतना ही नहीं, रतलाम से भेजी गई दूसरी दुर्घटना राहत मेडिकल वैन में भी वापसी के दौरान रुनखेड़ा स्टेशन के पास इंजन के ब्रेक में आग लग गई। हालांकि कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग पर तुरंत काबू पा लिया। फिलहाल रेलवे ने नागदा, उज्जैन और रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क शुरू कर दी है। सिंगल लाइन से ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया है और हादसे की जांच जारी है।