टेंट गोदाम बना आग का गोला! कई किलोमीटर दूर तक दिखा धुआं, रोबोट से बुझानी पड़ी आग | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां खजराना थाना क्षेत्र के कर्बला इलाके में सोमवार सुबह एक टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा। हालात ऐसे बन गए कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड के साथ फायर फाइटिंग रोबोट तक मैदान में उतारना पड़ा। जानकारी के मुताबिक आग टेंट हाउस के बड़े गोदाम में लगी, जहां शादी-ब्याह और आयोजनों में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में टेंट, कपड़ा, सजावटी सामग्री और अन्य सामान रखा हुआ था। सुबह आग लगते ही देखते ही देखते लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। लेकिन गोदाम में रखा ज्वलनशील सामान आग को लगातार बढ़ाता रहा। धुआं इतना ज्यादा था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम का आधुनिक फायर फाइटिंग रोबोट भी मौके पर बुलाया गया। रोबोट की मदद से अंदर तक पानी की बौछार की गई। वहीं जेसीबी और पोकलेन मशीन से टीन शेड हटाए गए, ताकि अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाया जा सके।
दमकल विभाग के मुताबिक आग बुझाने में 25 से ज्यादा पानी के टैंकर इस्तेमाल किए गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक होने की आशंका है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इंदौर में लगी यह आग एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है कि आखिर बड़े गोदामों में सुरक्षा मानकों का पालन कितना हो रहा है?