करोड़ों का गांजा पकड़ा! MP के अनूपपुर में छत्तीसगढ़ से शहडोल जा रही खेप पर पुलिस का बड़ा एक्शन
मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए का गांजा जब्त किया है। रामनगर पुलिस ने छत्तीसगढ़ से शहडोल ले जाई जा रही भारी मात्रा में गांजे की खेप पकड़ते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब्त गांजे की कीमत एक करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक रामनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की एक कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से शहडोल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम फुलवारीटोला मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश में कार को सड़क से नीचे उतार दिया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद वाहन में सवार एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुमित मिश्रा उर्फ बेटू निवासी अनूपपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो अंदर पैकेटों में भरा 225 किलो 740 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। नारकोटिक विंग के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख 87 हजार रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने गांजे के साथ कार, दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस तस्करी नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह गिरोह लंबे समय से छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश के कई जिलों में गांजे की सप्लाई कर रहा था। अनूपपुर पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।