MP में 2 मासूमों की मौत; 11 पहुंचे अस्पताल, गुजरात मजदूरी करने जा रहे मजदूरों से भरी पिकअप पलटी
मध्यप्रदेश के धार जिले के कुक्षी से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह हादसा कुक्षी थाना क्षेत्र के चिलवा गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में थुवाटी गांव के 20 से ज्यादा मजदूर सवार थे, जो काम की तलाश में गुजरात जा रहे थे। रास्ते में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और पिकअप पलट गई।
हादसा इतना भयानक था कि वाहन में बैठे लोग दूर तक जा गिरे। इस दर्दनाक दुर्घटना में 7 साल की मोनिका और 9 साल के आनंद की मौत हो गई। दोनों मासूम मजदूर परिवारों के साथ गुजरात जा रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। कुक्षी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल महिला कलाबाई और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोग बैठे हुए थे। मजदूर परिवार रोजी-रोटी की तलाश में हर साल गुजरात जाते हैं, लेकिन इस बार उनका सफर हादसे में बदल गया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मजदूरों को इस तरह खतरनाक तरीके से वाहनों में क्यों ले जाया जा रहा है? धार जिले में इसी महीने मजदूरों से भरी पिकअप पलटने का यह तीसरा बड़ा हादसा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाए हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद परिवहन नियमों की अनदेखी और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।