बुंदेलखंड के प्रसिद्ध मंदिर के बाहर दुकानों में भीषण आग, ख़ाक हुई आधा दर्जन दुकानें, लाखों का सामान स्वाहा
प्रसिद्ध माता मंदिर परिसर के बाहर दुकानों में भीषण आग लग गयी। एक के बाद एक करीब आधा दर्जन दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे पूरा इलाका दहशत में आ गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इस आगजनी की घटना में लाखों रूपये का सामान जलकर ख़ाक हो गया। यह नज़ारा बुंदेलखंड के निवाड़ी जिले में स्थित प्रसिद्ध शक्ति पीठ अछरू माता मंदिर परिसर के बाहर का है। फायर ब्रिगेड की मदद से जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक काफी देर हो चुकी थी और दुकानें पूरी तरह से जलकर ख़ाक हो गयी थी।
बताया जा रहा है की निवाड़ी में बुंदेलखंड की प्रसिद्ध शक्ति पीठ अछरू माता मंदिर परिसर के बाहर दुकानों में रविवार-सोमवार की दरमियानी देर रात भीषण आग लगी थी। इस बात की सूचना मिलते ही दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे जहां आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन आग बढ़ती ही जा रही थी। जो कुछ देर में और भी विकराल हो गई। आगजनी की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जिसके बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग और फायर ब्रिगेड की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं इसके अलावा पृथ्वीपुर तहसीलदार शुभम मिश्रा भी मौके पर पहुंच गए थे। फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बना हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही मामले की जांच भी की जा रही है।------