Sagar- समोसा लेने गया युवक, पीछे से घर साफ! खुरई में दो घरों में लाखों की चोरी से दहशत SAGAR TV NEWS
सागर जिले के खुरई शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला जगदीशपुरा बायपास चौराहा स्थित आदर्श नगर कॉलोनी का है, जहां अलग-अलग दो मकानों में लाखों रुपए की चोरी की वारदात सामने आई है। हैरानी की बात यह रही कि एक युवक घर से सिर्फ समोसा लेने बाहर गया और पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़कर पूरा घर खंगाल दिया। दूसरी घटना में कृषि विस्तार अधिकारी के घर को निशाना बनाया गया।
खुरई में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शहर में दो थाने होने के बावजूद चोर बेखौफ होकर सूने मकानों और दुकानों को निशाना बना रहे हैं। आदर्श नगर कॉलोनी में हुई दो चोरियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना एलआईजी-212 में रहने वाले चंद्रकांत चौबे के घर की है। चंद्रकांत अपनी पत्नी का इलाज कराने सागर गए हुए थे। घर में उनका साला अंकित पाराशर मौजूद था। शनिवार रात अंकित कुछ ही दूरी पर समोसा लेने गया था। जब वह वापस लौटा तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर मंगलसूत्र, सोने-चांदी के जेवर, पायल, कंगन और करीब 40 हजार रुपए नगद सहित लगभग डेढ़ लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए।
वहीं दूसरी घटना एलआईजी-117 में रहने वाले कृषि विस्तार अधिकारी महेंद्र सिंह जाटव के घर हुई। महेंद्र सिंह ड्यूटी पर गए थे और उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। जब वे शाम को लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था।
चोर यहां से सोने की चैन, अंगूठियां, झुमके और करीब एक लाख रुपए नकद सहित लगभग 5 लाख रुपए का माल ले उड़े। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले दोनों घरों की रेकी की और फिर मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही चोरियों से खुरई के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। अब देखना होगा कि पुलिस इन शातिर चोरों तक कब पहुंच पाती है।