Sagar- दो दिन से लापता बीएससी छात्र की कुएं में मिली लाश, गले पर कट के निशान
सागर जिले के बांदरी थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब दो दिन से लापता बीएससी छात्र रोहित अहिरवार का शव रजवांस के पास एक कुएं में मिला। छात्र के गले पर कट के निशान और खून से सने कपड़े मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक 22 वर्षीय रोहित अहिरवार निवासी इनायतपुर बीएससी का छात्र था। शनिवार को वह सागर से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में रजवांस क्षेत्र से अचानक लापता हो गया। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को रजवांस स्थित टावर के पास छात्र का मोबाइल फोन, जूता और खून के निशान मिले, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया।
इतना ही नहीं, टावर से करीब 500 मीटर दूर उसका बैग भी बरामद हुआ। पास में बने शौचालय के दरवाजे और तार फेंसिंग पर भी खून के धब्बे पाए गए। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया।
सोमवार को खुरई रोड स्थित वेयरहाउस के पीछे खेत में बने एक कुएं में छात्र का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला गया। शुरुआती जांच में गले पर कट के निशान मिले हैं, जबकि कपड़े और जूते भी खून से सने हुए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल यह मामला हादसा या हत्या—इन तीनों आशंकाओं के बीच उलझा हुआ है। लेकिन जिस तरह मौके से खून के निशान और छात्र का सामान मिला है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस रहस्यमयी मौत की परतें खोलने में जुटी है।