Sagar-बीना में पार्षद का रेलवे अधिकारियों और RPF पर बड़े आरोप का मामला गरमाया | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के बीना में रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ पर गंभीर आरोप लगने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। नानक वार्ड के पार्षद बीडी रजक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ पर प्रताड़ना, मारपीट और झूठे मामले में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए जीआरपी थाना में आवेदन भी सौंपा है।
निर्दलीय चुनाव जीतकर भाजपा में शामिल हुए पार्षद बीडी रजक ने मीडिया के सामने कहा कि उन्होंने रेलवे क्षेत्र में चल रही अव्यवस्थाओं और कथित अनियमितताओं की शिकायत रेलवे मंत्रालय, डीआरएम भोपाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से की थी। शिकायतों में सड़क खुदाई और बाउंड्री वॉल निर्माण से जुड़े मुद्दों को उठाया गया था।
पार्षद का आरोप है कि उनकी शिकायतों से रेलवे के कुछ अधिकारी नाराज हो गए और इसके बाद उन्हें लगातार निशाना बनाया जाने लगा। बीडी रजक ने दावा किया कि उन्हें कई बार धमकियां भी दी गईं, ताकि वे शिकायत वापस ले लें।
पार्षद ने आरोप लगाया कि 9 मई की रात आरपीएफ के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश की गई और कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम से वे मानसिक रूप से परेशान हैं और अब न्याय के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।
वहीं इस पूरे मामले पर आरपीएफ थाना प्रभारी कमल सिंह ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि पार्षद द्वारा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं और आरपीएफ ने नियमों के तहत कार्रवाई की थी।
फिलहाल पार्षद द्वारा दिए गए आवेदन के बाद मामले की जांच की बात कही जा रही है। लेकिन एक जनप्रतिनिधि द्वारा रेलवे और आरपीएफ पर लगाए गए इतने गंभीर आरोपों ने बीना की राजनीति और प्रशासनिक हलकों में हलचल जरूर पैदा कर दी है। अब सभी की नजर जांच के नतीजों पर टिकी हुई है।