सागर में एयरपोर्ट बनेगा; इन जगहों पर 500 एकड़ समतल सरकारी जमीन की तलाश शुरू
ढाना हवाई पट्टी के उन्नयन के बीच बुंदेलखंड के हृदय स्थल सागर में 500 एकड़ जमीन पर अत्याधुनिक नया एयरपोर्ट बनाने की योजना पर काम चल रहा है। सागर संभागीय मुख्यालय से 15-20 किमी की परिधि में आने वाली जमीन जनप्रतिनिधियों व प्रशासन की प्राथमिकता में है। नरयावली और खुरई विधानसभा क्षेत्र में एयरपोर्ट लायक समतल सरकारी जमीन देखी जा रही है। बीना रिफाइनरी को केंद्र में रखकर भी जमीन की तलाश चल रही है। यहां बता दें कि ढाना रहली विधानसभा और दमोह लोकसभा क्षेत्र में आता है। सागर की सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र में अलग से नए एयरपोर्ट बनाने केंद्रीय उड्डयन मंत्री से चर्चा की है। कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व विभाग का अमला जमीन की तलाश में जुटा है।
सागर संभागीय मुख्यालय के अलावा बुंदेलखंड का सबसे बड़ा शहर है। यहां एयरपोर्ट बनने के बाद हवाई सेवाओं में विस्तार से वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में टूरिज्म के लिए, बीना रिफाइनरी, स्टेट फॉरेंसिक लैब, केंद्रीय विश्वविद्यालय आने-जाने वाले को हवाई सेवा का फायदा मिलेगा। सागर और ढाना में सेना की सबसे बड़ी छावनी होने से सेना को भी एयरपोर्ट बनने से फायदा होगा। सागर से भोपाल की दूरी हवाई मार्ग से मात्र 25-30 मिनट रह जाएगी। सागर की खजुराहो व जबलपुर से भी एयर कनेक्टिविटी होगी।
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार यदि 500 एकड़ जमीन पर एयरपोर्ट विकसित होता है और रनवे की लंबाई 2.5 से 3 किलोमीटर तक रखी जाती है, तो यहां की क्षमता बड़े महानगरों जैसी हो जाएगी। शुरुआती दौर में 72 सीटर ATR विमान आसानी से लैंड कर सकेंगे।
इधर, ढाना हवाई पट्टी के विस्तार के लिए पीडब्ल्यूडी ने काम शुरू कर दिया है। मुख्य रूप से रनवे की चौड़ाई 23 से बढ़ाकर 30 मीटर की गई है। ढाना हवाई पट्टी को सुरक्षित करने के लिए चारों ओर बाउंड्रीवॉल बनाने का काम भी चल रहा है। पहले बाउंड्री की लंबाई 2.8 किमी थी, जिसे बढ़ाकर अब 3.3 किमी कर दिया है। इसकी ऊंचाई 2.4 मीटर यानी करीब 8 फीट होगी। जिसमें दीवार के साथ सुरक्षा के लिहाज से ऊपर तार फेंसिंग भी की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के ईई साहित्य तिवारी ने बताया कि ढाना हवाई पट्टी के उन्नयन का काम चल रहा है