मार्कशीट के आधार पर लोन और नौकरी का झांसा, कईयों को बना शिकार,अब गिरफ्तार
एक शातिर ठग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। वह लोगों की मार्कशीट के आधार पर लोन दिलाने और अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देता था। वह लोगों को इस तरह से भरोसे में लेता था की भोले भाले लोग उसकी बातों में आ जाते थे। और मोटी रकम उसके हवाले कर देते थे। एमपी की पन्ना जिले की पुलिस ने शातिर ठग का भंडाफोड़ करते हुए उसे गिरफ्तार किया। साथ ही पांच लाख रूपये का सामान भी बरामद किया गया है जिसमें तीन लाख रूपये नगदी है। इसके अलावा फर्जी अकॉउंट और फर्जी आधार कार्ड भी जप्त किये गए हैं। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है। शुरूआती जांच में सामने आया की दमोह, कटनी और जबलपुर में भी उसने इसी तरह कई लोगों के साथ ठगी की है। पन्ना एसपी निवेदिता नायडू ने मामले का खुलासा किया।
पन्ना जिले के सिमरिया थाना अंतर्गत नौकरी और मार्कशीट पर लोन दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले शातिर ठग को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के ननौरा गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने सिमरिया थाना क्षेत्र के भोले-भाले लोगों को अपनी बातों में फंसाकर झांसा दिया था कि वह उनकी मार्कशीट के आधार पर लोन पास करवा देगा। साथ ही अच्छी नौकरी भी दिलवा देगा। झांसे में आकर लोगों ने आरोपी को बड़ी रकम सौंप दी। जिसे लेकर वह फरार हो गया। जिसके बाद लोगों ने इस बात की शिकायत की। पीड़ितों की शिकायत पर पन्ना एसपी के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रैक की इसके बाद यूपी के महोबा में दबिश देकर उसे दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।--