गांव में दैवीय प्रकोप या वैज्ञानिक रहस्य,रहस्यमयी आग से दहशत! जहां जा रहा परिवार,वहीं भड़क रही लपटें
एमपी के अशोकनगर जिले के मुंगावली तहसील अंतर्गत बाड़ौली गांव इन दिनों एक रहस्यमयी घटना के चलते पूरे इलाके में चर्चा और दहशत का केंद्र बना हुआ है। यहां एक परिवार पिछले 15 से 20 दिनों से ऐसी अजीब घटनाओं का सामना कर रहा है, जिसे देखकर ग्रामीण भी सहमे हुए हैं। गांव निवासी राजेश राजपूत के घर में अचानक आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। परिवार का दावा है कि घर में रखे कपड़े, अनाज, किताबें, जरूरी दस्तावेज, बैंक पासबुक और यहां तक कि बच्चों के खिलौने भी अचानक जलने लगते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आग लगने से पहले एक अजीब सी बदबू और धुआं महसूस होता है, जिसके बाद अचानक लपटें उठने लगती हैं।
पीड़ित परिवार के अनुसार, यह आग सिर्फ सामान तक सीमित नहीं रही। घर में रखी मिक्सी, लोहे की मोटर और यहां तक कि ट्रैक्टर में भी अचानक आग लग गई। ग्रामीणों ने बताया कि खेलते समय बच्चों और किशोरियों के कपड़ों में भी अचानक आग भड़क उठी, जिन्हें समय रहते बुझाकर बचाया गया। डरे हुए परिवार ने जब अपना घर छोड़कर पुराने मकान में शरण ली, तो वहां भी आग लग गई। इसके बाद गांव के बाहर मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में परिवार को ठहराया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि वहां भी अचानक आग भड़क उठी। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है।
लगातार हो रही घटनाओं से परिवार का राशन, गृहस्थी का सामान और नकदी तक जलकर राख हो चुकी है। परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। मामले की जानकारी मिलते ही मुंगावली एसडीएम इसरार खान और थाना प्रभारी अरविंद कछुवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने घटना को गंभीर बताते हुए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम बुलाने की बात कही है। अब यह रहस्य बना हुआ है कि यह किसी वैज्ञानिक कारण का परिणाम है या फिर कोई और वजह… लेकिन फिलहाल बाड़ौली गांव में डर और दहशत का माहौल साफ दिखाई दे रहा है।