एक करोड़ की MD ड्रग्स के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, इंदौर क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन !
एमपी के इंदौर क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे उनकी एक न चली। जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स की सप्लाई करने इंदौर पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीसीएस चौराहे के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर आरोपी वाहन तेज रफ्तार में भगाने लगे।
भागने के दौरान स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी नवीन सोलंकी के अलावा गोविंद वर्मा, शंकर सिंह, विक्रम सिंह और नरेंद्र सिंह शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, एक स्कॉर्पियो और दो बाइक भी जब्त की गई हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से ड्रग्स तस्करी के धंधे में शामिल थे और अलग-अलग राज्यों में नेटवर्क फैलाकर अवैध मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह के तार राजस्थान, उज्जैन, देवास और इंदौर से जुड़े हुए हैं। एडिशनल पुलिस कमिश्नर आरके सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई को ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।