सुहागरात के अगले दिन तबियत का बहाना, फिर अस्पताल से चंपत हुई लुटेरी दुल्हन, डेढ़ लाख में हुआ था सौदा
फिर एक बार शादी के नाम पर लुटेरी दुल्हन का मामला सामने आया है फिर एक बार युवक के साथ धोखाधड़ी की गयी है। दरअसल शादी की सारी रस्में हो गयी थी लेकिन अगले ही दिन दुल्हन ने तबियत खराब होने की बात कही उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन वहीं से वह जेवर लेकर चम्पत हो गयी। मामला छतरपुर जिले के बिजावर थाना क्षेत्र का है। थाना अंतर्गत रहने वाला 35 साल सोनू पाठक दलालों के चंगुल में फंस गया और ठगी का शिकार हो गया। उसकी शादी उड़ीसा की रहने वाली मनीषा नाम की युवती बताकर कराई गई थी।
आरोप है कि सम्बलपुर उड़ीसा निवासी दलाल काशीराम पल्लवी ने डेढ़ लाख रुपए लेकर शादी करवाई। युवक को तीन लड़कियां दिखाई गई थीं। जिनमें से उसने मनीषा को पसंद किया। बीते 13 मई को मुंह दिखाई की रस्म हुई। 14 मई को छतरपुर के नरसिंह मंदिर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर शादी कर ली। परिवार में खुशी का माहौल था। 16 मई को सुहागरात हुई। और अगले ही दिन 17 मई को नवविवाहिता ने अचानक तबीयत खराब होने की बात कही। 18 मई को उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया।
ऐसा आरोप है कि अस्पताल में बाथरूम जाने का बहाना बनाकर दुल्हन सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गई। जिसके बाद पीड़ित युवक परिजनों के साथ कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत की। जहां पुलिस ने कार्यवाई का आश्वासन दिया है। एक दफा फिर इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्योंकि ये कोई पहला मामला नहीं है बल्कि इससे पहले भी इसी तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। अब फिर एक युवक दलाल के चंगुल में फंस गया।------