ट्रक ने ट्रेक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर, 3 की गई जान, थाना प्रभारी समेत 25 पहुंचे अस्पताल
देवी माँ के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालु नेशनल हाईव पर हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ़्तार ट्रक ने ऐसी टक्कर मारी की ट्रेक्टर ट्रॉली सड़क किनारे पलट गया जिससे तीन लोगों की दुखद जान चली गयी। जबकि थाना प्रभारी समेत 25 लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। ये पूरी घटना मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र से सामने आई है। हैरानी की बात ये है की लोगों को बचाने के दौरान एक युवक को अन्य वाहन ने टक्कर मारी जिससे उसकी भी जान चली गयी।
बताया गया की कटनी जिले के रीठी क्षेत्र का लोधी परिवार रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मां शारदा देवी मंदिर दर्शन के लिए मैहर जा रहा था। ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सवार थे। रात करीब डेढ़ बजे जैसे ही वाहन अमदरा थाना क्षेत्र के सुरमा मोड़ के पास पहुंचा। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। यही नहीं करीब तीन बार टक्कर मारी गयी जिससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। उसमें सवार लोग दूर तक जा गिरे। घटना के बाद चीख पुकार मच गई।
कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए थे। आसपास के लोगों ने रेस्क्यू में मदद की। इस दौरान एक पुरुष और एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं बचाव कार्य में जुटे युवक को दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर टीम के साथ मौके पर पहुंचे अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी घायलों को बाहर निकाल रहे थे। तभी अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से वह घायल हो गए। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से कटनी जिला अस्पताल भेजा गया। जबकि 12 घायलों को जबलपुर रैफर किया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है फरार ट्रक चालक की तलाश भी शुरू की गयी है।------