सागर- कॉलेज जा रहे दो छात्रों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत और फिर ! | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कैंट थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो छात्रों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। मृतकों की पहचान संजय रजक और नितिन अहिरवार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 20 साल थी और वे बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र बुधवार को अपने गांव से बाइक पर सवार होकर सागर कॉलेज जा रहे थे।
जैसे ही वे रानीपुरा के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। छात्रों की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने चक्काजाम समाप्त किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद गुजरात पासिंग ट्रक का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है। कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे के अनुसार दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में केस दर्ज कर जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।