मुझे ले जाओ, ये लोग मार डालेंगे…इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पलक रजक की मौत बनी रहस्य
एमपी के ग्वालियर की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘इंस्टाग्राम क्वीन’ के नाम से मशहूर 21 वर्षीय पलक रजक की संदिग्ध मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। आत्महत्या और हत्या के दावों के बीच अब पलक की इंस्टाग्राम रील्स और आखिरी कॉल कई बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं। मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा की रहने वाली पलक सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थी। उसकी रील्स को लाखों लोग देखते थे, लेकिन कैमरे की मुस्कान के पीछे वह किस दर्द से गुजर रही थी, इसका अंदाजा अब उसकी मौत के बाद लग रहा है।
पुलिस और परिजनों ने जब पलक का इंस्टाग्राम अकाउंट खंगाला, तो कई ऐसी रील्स और पोस्ट सामने आईं जिनमें मानसिक तनाव, घुटन और टूटन के संकेत दिखाई दिए। मौत से दो दिन पहले पोस्ट की गई एक रील में Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्द लिखे गए थे। अब पुलिस इन्हें जांच का अहम हिस्सा मान रही है।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पलक को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। अप्रैल 2025 में उसकी शादी अमित रजक से हुई थी, जो एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी बताया जा रहा है। परिवार का कहना है कि सास और देवर कार और सोने की चेन की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। मौत से करीब 20 मिनट पहले पलक ने अपने पिता को फोन कर कहा था— “पापा, मुझे ले जाओ… ये लोग मुझे मार डालेंगे। तीन दिन से खाना नहीं खाया, कोई बात नहीं करता।” इसके कुछ देर बाद पति का फोन आया कि पलक ने फांसी लगा ली है।
मामले के बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला फांसी का लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। पलक की मौत ने सोशल मीडिया की चमक के पीछे छिपे दर्द और मानसिक संघर्ष की एक दर्दनाक तस्वीर सामने ला दी है।