सागर- हाईवोल्टेज ड्रामा ! पत्नी और मासूम बेटी के साथ 800 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा युवक SAGAR TV NEWS
सागर शहर में गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक अपनी पत्नी और ढाई साल की मासूम बेटी के साथ 800 फीट ऊंचे बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। तपती गर्मी के बीच पूरा परिवार टावर की ऊंचाई पर बैठा नजर आया, जिसे देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मामला कैंट थाना क्षेत्र के पीली कोठी के पीछे टेकरी पर लगे बीएसएनएल टावर का है। बताया जा रहा है कि युवक की पहचान बलराम अहिरवार के रूप में हुई है। उसके साथ पत्नी कृष्णादेवी अहिरवार और ढाई साल की बेटी भी टावर पर मौजूद हैं। युवक अपनी मासूम बेटी को गोद में लिए टावर पर बैठा रहा, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक से मोबाइल पर संपर्क कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन युवक नीचे आने को तैयार नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि युवक पुलिस की कार्रवाई से नाराज था। परिवार का आरोप है कि मोतीनगर पुलिस ने उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया और मारपीट की। युवक के भाई ने बताया कि टावर पर चढ़ने से पहले बलराम ने उनसे कहा था कि पुलिस ने उन्हें काफी देर तक पीटा और बाद में जेल भेज दिया। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुला लिया है। रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी गई है, ताकि परिवार को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। टावर के नीचे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए हैं और हर कोई परिवार की सलामती की दुआ कर रहा है। पुलिस लगातार युवक को समझाने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है, जबकि प्रशासन परिवार को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटा हुआ है।