MP | हाईवे पर धधका नींबू से भरा ट्रक! चालक ने बचाई जान, लाखों का माल राख और फिर! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के दतिया जिले में झांसी-ग्वालियर नेशनल हाईवे पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नींबू से भरे एक चलते ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक आग का गोला बन गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के मुताबिक आंध्रप्रदेश से आगरा जा रहा नींबू से भरा ट्रक देर रात दतिया जिले के चिरूला थाना क्षेत्र से गुजर रहा था। जैसे ही ट्रक आरटीओ बैरियर के पास पहुंचा, चालक को केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरा भांपते ही उसने तुरंत ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक की बैटरी के पास अचानक चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। कुछ ही पलों में आग पूरे ट्रक में फैल गई। ट्रक में बड़ी मात्रा में नींबू भरे होने के कारण आग और तेजी से भड़कती चली गई। हाईवे पर चलते ट्रक में आग लगने से मौके पर हड़कंप मच गया। सड़क से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए और दूर से धधकते ट्रक को देखने लगे। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें भरा लाखों रुपए का नींबू पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ट्रक की तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान जरूर हो गया है।