खंडहर से मिला लाखों का माल, सूने मकान में चोरी का खुलासा! शातिर गुंडी गिरफ्तार
एमपी के जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की बड़ी वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, चोरी में इस्तेमाल औजार और बिना नंबर की स्कूटी बरामद की है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। दरअसल 7 मई को सुमित कुमार गुप्ता ने रांझी थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे किसी काम से सिवनी छपारा गए हुए थे। जब 6 मई को वापस लौटे तो घर के ताले टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुसा और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में अहम सुराग मिले। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आदित्य यादव उर्फ गुंडी, निवासी सिंधी कैंप थाना हनुमानताल को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी का पूरा सामान उसने बगिया टोला स्थित एक टूटे खंडहर में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां छापा मारकर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में सोने की झुमकी, चैन, मंगलसूत्र, अंगूठी, हार और चांदी की पायल, बिछिया, करधन सहित कई कीमती सामान शामिल हैं। साथ ही चोरी में इस्तेमाल पेचकस, लोहे की रॉड और बिना नंबर की प्लेजर स्कूटी भी जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।